Showing posts with label २२ मार्च २०११. Show all posts
Showing posts with label २२ मार्च २०११. Show all posts

Tuesday, March 22, 2011

अगले पांच साल में ऊंची उड़ान भरेगा भारतीय मीडिया उद्योग


कंपनियों के विज्ञापन खर्च में हुआ 17 प्रतिशत का इजाफा
उद्योग की औसत वार्षिक वृद्धि 14 फीसद रहने के आसार
कुल कारोबार 28 अरब डालर तक पहुंचने की उम्मीद
मीडिया क्षेत्र में बढ़ते कारोबार और विज्ञापन खर्च में तेजी से आते सुधार के बाद भारतीय मीडिया और मनोरंजन उद्योग की औसत सालाना वृद्धि 14 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। फिक्की-केपीएमजी रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2015 तक भारतीय मीडिया और मनोरंजन उद्योग 1,27,500 करोड़ रुपए (करीब 28 अरब डालर) का हो जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2010 में मीडिया और मनोरंजन उद्योग में 2009 के मुकाबले 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 65,200 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। इस साल इसमें 13 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। रिपोर्ट को औपचारिक तौर पर फिक्की फ्रेम्स 2011 में बुधवार को पेश किया जाएगा। फिक्की के महासचिव अमित मित्रा ने कहा 'मीडिया क्षेत्र में क्षेत्रीय बाजारों की बढ़ती संभावना, बढ़ती जागरुकता और जनजन तक बढ़ती पहुंच को देखते हुए क्षेत्र में वृद्धि की व्यापक संभावनाएं हैं।' उन्होंने कहा कि न्यू मीडिया (ऑनलाइन) का महत्व भी तेजी से बढ़ा है। वर्ष 2010 में विज्ञापन पर होने वाले खर्च में 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 26,600 करोड़ रुपए हो गया जो कि उद्योग के कुल कारोबार का 41 प्रतिशत है। रिपोर्ट में कहा गया है कि टीवी विज्ञापन और ग्राहकों से होने वाली आमदनी के वर्ष 2015 तक बढ़कर क्र मश: 21,400 करोड़ रुपए और 41,600 करोड़ रुपए हो जाने की उम्मीद है। केपीएमजी के मीडिया और मनोरंजन प्रमुख राजेश जैन ने कहा 'आने वाले समय में मीडिया कंपनियों को अपने कारोबार के मॉडल में सुधार करना जरूरी हो जाएगा। कंपनियों को मुनाफे के साथ साथ ग्राहकों की बदलती रूचि पर ध्यान देना होगा।'